पाकिस्तान पर मंहगाई की मार का असर चारों तरफ देखा जा रहा है। देश में हर चीज की कमी और जरूरी चीजों के बढ़ते दामों ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। रही सही कसर सरकार पूरी कर रही है। सरकार ने 29 जनवरी से पेट्रोल के दामों में 35 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके बाद देश में पेट्रोल की कीमत 249.80 रुपये हो गई है। वहीं हाई स्पीड डीजल की कीमत 262.80 रुपये, केरोसीन आयल की कीमत 189.83 रुपये, लाइट डीजल आयल की कीमत 187 रुपये हो गई है। सरकार की तरफ से इसकी घोषणा वित्त मंत्री इशाक डार ने सुबह 10:50 बजे की थी और इसके दस मिनट बाद 11 बजे ये कीमतें लागू भी हो गईं।
सरकार ने ऐसा करके न सिर्फ पेट्रोल पंप मालिकों को मोटा फायदा पहुंचाने की कोशिश की है। साथ ही आम आदमी के पेट पर लात भी मारी है। ऐसा इसलिए क्योंकि पेट्रोल के दाम बढ़ने के साथ ही हर चीज की कीमतों में तेजी आना तय है। देश में पहले से ही लोग आटा, तेल, चीनी, चावल, दूध की कमी और इनकी बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। ऐसे में सरकार का ताजा फैसला लोगों के पेट पर लात मारने जैसा ही है।

Comments
Post a Comment